वो नया इंसान

 "वो नया इंसान"


अब मेरा लिखना,

सिर्फ लिखना नहीं रहा—

मेरी हर पंक्ति एक नया गीत है...

वो मेरी कविता की स्याही में 

घुल गया है,

और मैंने अपने गीतों की 

नाज़ुक पँखुरियों पर 

उसका नाम लिख दिया है...


हाँ, वो नया इंसान!

जीवन के संघर्ष की आँच में तपा कंचन है वह—

सपनों सा कोमल और

सच की तरह कठोर है ...


उससे हर मुलाकात,

मेरे अकेलेपन की गर्त में 

उतरकर जमा हुआ जहर 

निकाल फेंकती है मुझमें से।

उसकी आहट मुझे 

मेरे और करीब ले आती है,

हर बार पहले से ज़्यादा...

अब मेरी तनहाइयाँ 

अवसाद से नहीं रोतीं,

वे मुस्कुराने लगी हैं।


उसकी नजदीकी...

मेरे हृदय की अंधेरी दीवारों पर

झीना-सा प्रकाश बनकर 

फैल जाती है।

मेरी धड़कनों की गहराइयों में

हम दोनों की साँसों का

संगीत बजता है...


वो नया इंसान—


सिर्फ “कोई” नहीं,

बल्कि मेरी कविता की आत्मा है।

उसका स्नेह धीरे-धीरे सूखती 

मेरी धमनियों की दरारों को 

भिगोता है,

जैसे कोई अदृश्य हाथ

मेरी मरती रूह को 

थपकियाँ देकर जिला रहा हो...


मैंने उसे जितना महसूस किया है,

उतने में हीं जीवन भर 

लिख सकती हूँ उसे ,

जीवन भर गा सकती हूँ...


वो नया इंसान—


मेरे भीतर का नया मौसम है,

जो सदियों बाद बदला है।

Comments

Popular posts from this blog

जनता जाग रही है

हलचल मन के गाँव में

तुम अगर पतवार देते