Posts

Showing posts from August, 2020

दर्द

कल तक था जो प्यार आज वह  घायल मन का दर्द बन गया! चाँद बदलकर आग बन गया, धीरज का जल झाग बन गया, मजनू मन वीतराग बन गया, लैला के सीने के कोई राज  उबलकर सर्द बन गया! प्यार प्राण को भार लग रहा, टूटा मन का तार लग रहा, पूरा जीवन ज्वार लग रहा, पर्दे में थी लाज, खुला तो  सब का सब बेपर्द बन गया! राह पुरानी आह बन गई, चाह जली तो दाह बन गई, छाँह जलन की राह बन गई, छिप-छिपकर रोया कोई तो  दुनिया भर का गर्द बन गया! शिवदेव शर्मा 'पथिक'

अनुनय

 मैं लकीरें खींचता हूँ और तुम आकार दे दो! जागकर ये स्वप्न देखे हैं इन्हें आकार दे दो! अर्चना की वर्तिका यह निविड़ तम में जल पड़ी सी, मौन मेरी साधना के मर्म की मधु-निर्झरी सी- याचना कवि की किरण-आह्वान करती आ रही है, कमल-कोमल लालसा,पथ पर सिहरती जा रही है, ज्योति-गंगा जग गई है तुम जटा विस्तार दे दो! मैं लकीरें खींचता हूँ और तुम आकार दे दो! सृजन-सम्बल पर सुरभिमय एक तुलसी-दल चढ़ा दो, पाँव अनजाने उठे हैं तो तनिक गति भी बढ़ा दो! दो मुझे विश्वास का आधार भी,आशीर्वचन भी- जीत सकता हूँ इसी अधिकार से निष्ठुर मरण भी! एक मैं माँझी अकेला संग में पतवार दे दो! मैं लकीरें खींचता हूँ और तुम आकार दे दो! शिवदेव शर्मा 'पथिक'

चलो मंजिल की ओर

निकलेगा सूरज की आएगा भोर चलो मंजिल की ओर-चलो मंजिल की ओर! ओ राही, सिपाही तू हिम्मत न छोड़, बनानी है राह जरा पत्थर भी तोड़, अब लहर भी उठेगी- उठेगी हिलोर चलो मंजिल की ओर-चलो मंजिल की ओर! चाहे मंजिल की राहों में काँटे मिलें, तुम्हें चलना है धरती की कलियाँ खिलें, उठा ले कलम,उठ लगा दे न जोर चलो मंजिल की ओर-चलो मंजिल की ओर! राह बनती रहे तुम जला दो मशाल, तेरे बढ़ने के आगे न कोई सवाल! बनो तुम हींं मिसाल नई दुनिया की ओर चलो मंजिल की ओर-चलो मंजिल की ओर! शिवदेव शर्मा 'पथिक'

कवि से

 कवि!कविता के पृष्ठों पर तुम एक नया अध्याय जोड़ दो, ला न सके यदि नई प्रगति तो कलम तोड़ दो, कलम छोड़ दो। गढ़ों न ऐसी कला कि जिससे पन्ने भर जाते हैं, झूठा वह अभियान कि जिसमें पाँव उखड़ जाते हैं! झूठे हैं वे गीत कि जिसमें भरी वासना मन की, बाजारों के बीच नहीं बिकती कविता जीवन की। आज विश्व गा रहा भूलकर नकली कविता, गाना, कलाकार!तुमको होगा अब आगे पाँव बढ़ाना! नई सड़क के मजदूरों की कविता वाणी होगी, घास-फूस की झोपड़ियों में सृजन-कहानी होगी। गीत न केवल विकल विश्व को, इसे चाहिए नारा, लहर-ज्वार में डूबा मानव माँगे आज किनारा। देख कला की प्यासी धरती पानी माँग रही है, नए सृजन की नई प्रेरणा सीमा लाँघ रही है। एक नई पीढ़ी का अब निर्माण पनपनेवाला, नई डगर जो बना सके वह कवि युग का मतवाला! जन के अंतर्मन को छुए, चूमे-कला वही है, नई लीक के लिए चले जो,सचमुच चला वही है! शिवदेव शर्मा 'पथिक'

अनुभूति

 थिरक रही अनुभूति सृजन की, पागल मन की बात में! काँटों में खिलती हैं कलियाँ,  हीरे मिलते धूल में, मिले गरल में सुधा किसी को,  मधु मिलता है फूल में। मुस्काती रेखा प्रकाश की, भादो की हर रात में! पागल की, प्रेमी की, कवि की, लीक सदा से और है। पागल झूमे, प्रेमी चूमे  कविता ऐसी दौड़ है! पागल, प्रेमी कवि जीते हैं आँधी, झंझावात में! पनप रही चेतना-दूब  मरघट के जलते खेत में, चला कारवाँ-हरे-भरे  काँटे उग आए रेत में। गति मिलती राही को पथ के शूलों में-आघात में! शिवदेव शर्मा 'पथिक'

पाँव बढ़े तो

आगे चला मुसाफिर उसके पीछे लम्बी राह बन गई, कवि के मन की आह जमाने के सीने की आह बन गई! कलम चली तो सहमा शोषण, पाँव बढ़े तो किरण अलापी, अपनी लघुता पर क्या रोना? बामन ने भी धरती नापी! चला अकेला जो भी, उसका दुनिया यहीं गवाह बन गई, कल तक थी जो नदी आज वह छूते-छूते थाह बन गई! एक बटोही चला अकेला, सूने में भी पाँव बढ़ाए, चल चलकर जलनेवाले की, चाह यही- युग मंजिल पाए ठुकराकर युग जिसे दुलारे, ऐसी उसकी चाह बन गई, आगे चला मुसाफिर उसके पीछे लम्बी राह बन गई! शिवदेव शर्मा 'पथिक'

आह्वान

 नाव बढ़े तो सागर का भी पाकर रहे किनारा, पाँव बढ़े तो युगमानव को मिले प्रगति का नारा, गाँव बढ़े तो रामराज का सपना सच हो जाए, छाँव बढ़े तो लू-लपटों से बचकर पंथी जाए! पाँव बढ़ा दे!पग-चिन्हों में बोल उठे युगवाणी, तार चढ़ा दे!सृजन-वीण पर थिरके कविता रानी, एक नया युगपथ कवि की साधना बनानेवाली, कविता का श्रमदान बिखेरे पथ-पथ जीवन लाली! सफल बने श्रम युग के कवि का आज इसे गाने दो, जर्जर कुटियों में महलों के कोष उतर जाने दो, थिरके पुनर्विहान  लगाकर 'बढ़ा पाँव'का नारा, निर्मोही नयनों से निकले पावन करुणा-धारा! बढ़ा पाँव का नारा-युग को नई दिशा मिलने दो, जगे नई पीढ़ी की कलियाँ, नए फूल खिलने दो, 'बढ़ा पाँव आगे' का राही नई चेतनावाला, करता है आह्वान ज्योतिपथ का कोई मतवाला! शिवदेव शर्मा 'पथिक'

कविता ,कवि और कलम

कविता कहना भूल उसे है जिसमें युग हुँकार नहीं हो, वह कवि क्या! जिसकी कविता से सुलग उठा अंगार नहीं हो? कलम नहीं वह जो मचले तो आता युग में ज्वार नहीं हो! कविता है वह नाम जिससे सूरज फीका- फीका  भरे न  कवि यदि प्राण तो मानव पुतला है मिट्टी का  कलम उठा देती है घूँघट,युग-युग सदी-सदी का! कविता है कल्पना नवल युग के नव-निर्माणों की, कवि दिशा बदलता चला गया है आँधी- तूफानों की कलम! गरम कर दे जो शोणित मुर्दे इंसानों की कविता है म्रियमाण, म्लान यदि यौवन की झनकार नहीं हो कवि असत्य है जिसको युग युग जीने का अधिकार नहीं हो  कलम नहीं वह जिसकी गति को प्रगति पंथ से प्यार नहीं हो! कविता मीरा!पचा रही है विष का जलता प्याला, कवि है नटवर कृष्ण और शिव ताँडव करनेवाला कलम वही जो तिमिर-पृष्ठ पर धधकाती हो ज्वाला! कविता युग के सूरदास के आँखों की लाली है, जलते रेगिस्तानों में कवि फूलों की डाली है कलम शूल का पंथ पकड़कर सीता मतवाली है! कविते! आज अनय की लंका धधक उठे श्रृंगार सही हो, कवि!कहदे मानव, मानव से शोषण का व्यापार नहीं हो, झूठी है वह कलम कि जिसमें युग की आह, पुकार नहीं हो! मरु की दहक रही छाती पर ...