चाँद से
चाँद तुम्हें कवि चाँद कहे या आसमान का शोला! कैसे बाँधे तुम्हें छंद में गीतों में कवि भोला ओ उपमाओं के बन्धन में चाँद बाँधने वाले! कलियों से अंगार कभी क्या बँधते हैं मतवाले! विहँस रहा आकाश, चाँदनी से धरती जलती है, अंकित है मृगतृष्णा, शीतल लहर नहीं चलती है देखा तुमने चाँद! तुम्हारे मरु-मन में मृगछाया, विष का स्वर्णिम रुप झूठ भू का मधुवन भरमाया सुंदरता अंगार,रूप का आकर्षण जहरीला, रूप-रंग पर मिटनेवाली धरती का मन गीला! पीला-पीला चाँद! आग की जलती पीली भाषा स्निग्ध कहो मत इसे, जलन की यह जीती परिभाषा! रोज रात के पहले करता रवि किरणों की चोरी, ऊपरवाला मौन, धरा पर विरहिन बनी चकोरी कहती किरण-किशोरी कवि से- 'चंदा को समझा दो' इतराये मत ज्योति किसी से लेकर यह बतला दो! ऊपर-ऊपर ज्योति भली है,भीतर-भीतर काली पूज रही छलियों को सचमुच दुनिया भोली-भाली शोषण के इस जलते वृत को भ्रम है चाँद बताना, धोखा है ऊपरवालों की पूजा,कविता,गाना! बस मुट्ठी भर धूल चाहिए! कविता झूमे, गाए, वही चाँदनी, जिसको प्यासा पिये और पिलाये और वही है चाँद, जगा दे मन का कोना- कोना सोने का यह चाँद, काल है जग का केवल 'सोना'...