Posts

Showing posts from February, 2021

कौन हो तुम...?

 कौन हो तुम...! चिर-पिपासित जिंदगी की रेत पर मधु की लहर सी स्निग्ध झीनी सी किरण-रेखा अमावस की घड़ी में नियति के इस मेघ संकुल व्योम की छवि-तारिका अभिसारिका सी कालिमा में लालिमा सी आँकती हो, झाँकती हो, ताकती हो  मूक मन का प्यार लेकर ज्वार लेकर कौन हो तुम...! दोपहर की चिलचिलाती धूप में भी खिलखिलाती  तिलमिलाती साधना की तप रही वंकिम डगर पर  कामना के सूखते से  वृंत पर स्वर कोकिला सी गा रही हो स्वर मिलाकर श्रृंखला गति की बनाकर  तुम निरंतर... ज्योति जीवन की जगाकर  कौन हो तुम...! काँपते मन की निराशा के क्षितिज का  छोर छूती  भोर की दूति उषा की आँख में रेखा अरुण की   पाँव पाँवों से मिलाती  स्वर मिलाती, सुर मिलाती-गीत गाती चल रही हो मुस्कुराती  इस तूफाँ की रात में भी दीपिका सी  झिलमिलाती कौन हो तुम...! गाँव की पगडण्डियों पर  प्राण के विस्तृत गगन में  सृजन की अयि पुर्णिमे? तुम कौन हो,क्या हो, कहाँ हो? साँस पर, उच्छवास पर, नि:श्वास पर अपलक थिरकती साधना में, भावना में, अर्चना, आराधना में शून्य में भी  पल रही हो, चल रही...

धरती न बोल सकी

 एक दिन..... लहरों के गाँव में  हवाओं की ठाँव में किनारों की छाँव में धरती की कुंती के पायल बंधे पाँव में रुन् झुनुन् झुन् हुई... सूरज ने बाँध दिया किरणों की डोर पर पत्र एक प्यार का एक फूल तोड़कर धरती लजाई रही कुंती शरमाई रही छुम् छनन् छन् हुई... सूरज ने चोरी से  कुंती किशोरी की गोरी-गोरी बँहियों को काली-काली अलकों को झुकी-झुकी पलकों को  छुआ भी, चूमा भी! सन् सनन् सन् हुई... सोने के भौंरे ने बाँध लिया  मिट्टी की कलिका को किरणों की बाँह में  गीतों की छाँह में जवानी की राह में गुन् गुनुन् गुन् हुई... एक दिन...  सूरज के बेटे को  धरती की माता ने  छोड़ दिया धारे पर  मन के इशारे पर  धरती न बोल सकी सूरज न बोल सका  अम्बर न डोल सका बौनी सी लाज से  अँधे समाज से पत्थर की माता से  दुनिया के दाता से गूँगे मातृत्व से  बहरी मर्यादा से छिछले सतीत्व से  धरती न बोल सकी घूँघट न खोल सकी... -शिवदेव शर्मा 'पथिक'

इसे भी जीना कहते हैं

 पपीहा 'पी-पी' करता रहा कोइलिया 'कू-कू' करती रही आग मेरे हीँ प्राणों की  वहाँ भी धू-धू करती रही आम की डालें बौराईं प्राण के मधुवन जलते रहे पपीहे के स्वर भी थक गए पाँव तो मेरे चलते रहे इसे भी जीना कहते हैं नीम के नीचे पलते रहे -शिवदेव शर्मा 'पथिक'

बढ़ावा

 बढ़ पाँव आगे नए पथ के राही, तुम्हारी हीं मंजिल तुम्हें ढूँढती है। न पूछो पता तुम किसी से डगर का, की मंजिल तुम्हारा पता पूछती है। मिलें शूल तुमको पड़ें पग में छाले, न रुकना कहीं भी अरे जाने वाले। तुम्हें टोकने को बवंडर उठेंगे, मगर दूर जाना है दीये जला ले। न मांगो किसी से तू नैया ठहर कर, लहर भी लगन के चरण चूमती है। बढ़ा पाँव आगे नए पथ के राही, तुम्हारी हीं मंजिल तुम्हें ढूँढती है। मुसाफिर वही जो नया पथ बना दे, अंधेरे में चलकर नया युग बसा दे। जो पत्थर को देकर चरण धूलि अपनी, युगों की अहिल्या में जीवन जगा दे। मशानो के मुर्दे तुम्हें ढूंढते है, दिशा भी तिमिर में नही सूझती है। बढ़ा पाँव आगे नए पथ के राही, तुम्हारी ही मंजिल तुम्हें ढूँढती है। जरा छोड़ते जा निशानी कदम की, जिसे देख दुनिया भी पथ खोज लेगी। लगेगी वहीं पर हजारों की महफ़िल, तेरा नाम ले हर गली ये कहेगी। बढ़े चल ओ राही! तू लू में, लपट में, शहीदों को दुनिया नहीं भूलती है। बढ़ा पाँव आगे नए पथ के राही, तुम्हारी हीँ मंजिल तुम्हें ढूँढती है। -शिवदेव शर्मा 'पथिक'

धरापूत जागो

बुला ले सवेरा अरे सोने वाले, धरापूत,जागो! सृजन आ रहा है। बढ़ा आ रहा है प्रलय का अंधेरा, नियति रो रही है, धरा आज सोई, बसा ले नया युग जो सोए से जगकर, मसीहा वही और गाँधी है कोई! जगो तुमको युग-युग की करुणा जगाए, नए गीत गा लो, समय जा रहा है। महल में बहलाना है आसान पगले, न घरबार जिनको उन्हें भी उठाले, गुलाबों का चुम्बन तो होता रहेगा, जरा उनकी मिट्टी का चुम्बन लगा ले! छिपे बादलों में नहीं युग विधाता, अंधेरा समय का बहुत छा रहा है। जगो आदमी! दो जगत को जवानी, समय की लहर पर तू दीये जलाके, कि धरती की परती बहारों में झूमे, हमें नाज हो अपना पतझड़ सजाके! उठो शंख फूँको जगा दो अलख तुम, जमाना प्रगति-पथ नहीं पा रहा है। जमाने के इंसान सोए हुए हैं, धधकती दिशाएं जले जा रहे हैं, कोई जल रहा अपनी फरियाद लेकर, मगर छलनेवाले छले जा रहे हैं। चले जा रहे हैं ये माटी के पुतले, सृजन आग पर भी पनपता रहा है। जो जन-जन में खोजेगा भगवान अपना, वही युग पुरुष और नेता वही है! जो देगा मनुज को लहू प्राण का भी, है अवतार मानव! विजेता वही है। तुम्हें आज बोना नए बीज बो ले, नया पथ बनाले समय गा रहा है। महानाश धरती को घेरे खड़ा है, ओ रहबर ...