Posts

Showing posts from April, 2020

गीत का मतलब

एक गीत लिखने का मतलब, एक आह का बढ़ जाना है! एक कदम चलना तो केवल, एक राह का गढ़ जाना है! बढ़ती जाती पंक्ति, दर्द की कड़ी बढ़ गई उठते जाते पाँव, गर्द कि लड़ी चढ़ गई भरता  जाता कोष, हिरण मदहोश हो गया  पीते गए शराब, प्राण बेहोश हो गया  एक गीत लिखने से सौ-सौ वाह-वाह का बढ़ जाना है! एक गीत लिखने का मतलब एक आह का बढ़ जाना है! एक बीज जो कल बोया था, आज़ अनगिनत फूल आ गए बोया एक गुलाब और टहनी पर निर्मम शूल आ गए कही एक हीं बात- जगत भर शोर पा रहा एक अरुण निकला तो शत-शत भोर पा रहा! एक नया माँझी!सागर में एक थाह का बढ़ जाना है! एक गीत लिखने का मतलब, एक आह का बढ़ जाना है! -शिवदेव शर्मा पथिक

पथ के पृष्ठ

बढ़ो धूलि के अथक पथिक तुम, पगडंडी से स्वर आता है... बढ़ा पाँव आगे, पगध्वनि सुन सोया सृजन सिहर जाता है... उखड़े-बिखड़े पगचिन्हों को पढ़ लो, गीत छपे जाते हैं... चलना हीं तो काव्य बन गया पथ के पृष्ठ खपे जाते हैं... चलने में भय क्या? शंका क्या! जब पथ का आशीष मिल रहा... अरे!किसी रीते से क्या लूँ? चरण-चरण पर फूल खिल रहा... -शिवदेव शर्मा पथिक

मैं पथिक हूँ

*** मैं पथिक हूँ *** मैं पथिक ! अमा की बेला में भी पाँव बढ़ाए जाता हूँ, तुम मुझसे मत पूछो, कब से मैं ठोकर खाए जाता हूँ . मैं नहीं सोचता मंजिल के शूलों पर ! उसकी दूरी पर, जाना हीं केवल लक्ष्य एक, जीने के जलते चार प्रहर ! सहता है हिम की शीतलता अंगार चूमनेवाला हीं, लाता है कोई स्वर्ण-किरण मझधार घूमनेवाला हीं मैं मन की नौका पर बैठा मझधारों पर हीं बहता हूँ, जो जूझ सक़े तूफानों से, जिंदगी़ उसे मैं कहता हूँ. आनेवाले तूफानों को आने हीं दो,मैं दीप जलाए जाता हूँ, मैं पथिक !अमा की बेला में भी पाँव बढ़ाए जाता हूँ . वह मानव क्या? जो मानवता को छोड़ पतन की ओर चले, वह सरिता क्या? जो बाँधों से टकराकर धारा मोड़ चले! युगपुरुष वही, जो स्वयं भटककर जग को राह बताता है, सच्चा नाविक तो ज्वारों पर चढ़कर मस्ती में गाता है! जग तुला प्रगति की बना रहा, बढ़नेवाला बढ़ जाएगा, सोपान जमाना तोड़ रहा, चढ़नेवाला चढ़ जाएगा! मैं पथिक पंथ की पीड़ा को हँसकर सहलाए जाता हूँ, मै पथिक अमा की बेला में भी पाँव बढ़ाए जाता हूँ.  -शिवदेव शर्मा पथिक